मुरादाबाद। केंद्रीय अल्पसंख्यक व संसदीय कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के उस बयान पर चुटकी ली है जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को अब सर्जरी की जरूरत है। नकवी ने इस पर कहा कि दिग्विजय सिंह हम लोगों को बिना मांगे सलाह देते थे, लेकिन अब उन्होंने खुद कांग्रेस को सलाह दी है। नकवी ने आगे कहा कि जब जहाज डूबने लगता है तो उसमें से सबसे पहले निकलकर कौन भागता है, ये सभी को मालूम है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने साधा निशाना
दरअसल कांग्रेस की पांच राज्यों में हुई हार के बाद दिग्विजय ने कहा था कि कांग्रेस को सर्जरी की जरूरत है। इसी पर निशाना साधते हुए नकवी ने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताया। मुख्तार अब्बास नकवी मुरादाबाद में एक सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे।
इससे पहले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में मिली करारी शिकस्त के बाद शुक्रवार को दिग्विजय सिंह का गुस्सा फूटा था। उन्होनें कांग्रेस पार्टी में बड़े बदलाव की ज़रूरत की वकालत की थी। एक निजी चैनल को दिए साक्षात्कार में दिग्गी ने कहा था कि कांग्रेस ही वो पार्टी है जो भारत में प्रजातंत्र लायी लेकिन अब इसे सर्जरी की ज़रूरत है।
दिग्विजय ने आगे कहा था कि महात्मा गाँधी और जवाहरलाल नेहरु के आदर्शों पर चलने वाली कांग्रेस पार्टी भारत की आत्मा है। अब वक़्त आ गया है कि युवाओं को आगे लाया जाए। वहीं दिग्विजय सिंह से जब ये पूछा गया कि क्या बीजेपी की ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ की इच्छा पूरी हो रही है तब उन्होंने जवाब दिया कि कांग्रेस ऐसे हालात से हमेशा उबरती रही है, हालांकि मौजूदा हालात ज़्यादा गंभीर हैं।
दिग्विजय ने प्रियंका गांधी को राजनीति में लाने की भी वकालत की थी और कहा था कि ये नतीजे निराश करने वाले हैं, हम काफी आत्मनिरीक्षण कर चुके हैं, अब हमें मेजर सर्जरी करनी चाहिए।