
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में समाजवादी पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद की पत्नी हीरा देवी के बयान को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। जिले के कबरई में पूर्व मुख्यमंत्री व सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर आयोजित मजदूर सम्मेलन और पीडीए (PDA) चौपाल में हीरा देवी ने भगवान श्रीराम से जुड़े एक पुराने राजनीतिक नारे का जिक्र करते हुए कहा— ‘मिले मुलायम-कांशीराम, हवा में उड़ गए जय श्रीराम।’
इस कार्यक्रम में सदर विधानसभा सीट से सपा के प्रबल दावेदार माने जा रहे पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद भी मौजूद थे। हीरा देवी की इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद जिले की सियासत गरमा गई है।
वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया है। बीजेपी नेता नीरज रावत ने हीरा देवी की टिप्पणी को स्तरहीन करार देते हुए कहा कि इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सपा नेतृत्व पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम की पूजा करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी पार्टी से जुड़ी नेता इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महोबा की जनता इस बयान को कतई स्वीकार नहीं करेगी।
विवाद बढ़ता देख समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव ने हीरा देवी के बयान से पूरी तरह किनारा कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी एक धर्मनिरपेक्ष दल है और सभी को अपने धर्म का पालन करने का पूरा अधिकार है।
शोभालाल यादव ने कहा कि हीरा देवी ने बसपा शासनकाल के एक पुराने नारे का जिक्र किया था, लेकिन वर्तमान संदर्भ में इस तरह की टिप्पणी का कोई औचित्य नहीं था। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को समाजवादी विचारधारा और सिद्धांतों के अनुरूप ही बयान देना चाहिए। फिलहाल इस पूरे प्रकरण ने महोबा की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज कर दी है।



