भाजपा ने बेरोजगारी-महंगाई बढ़ाई, किसानों को बर्बाद किया और नौजवानों के सपनों को तोड़ा: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्नाव, अयोध्या और बाराबंकी जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलन करके उन्हें जिताने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है। जनता चुनाव में इन्हें सबक सिखा रही है। अब साइकिल की रफ्तार को कोई रोक नहीं सकता है। भाजपा सरकार ने बेरोजगारी बढ़ाई, महंगाई बढ़ाई, किसानों को बर्बाद किया और नौजवानों के सपनों को तोड़ दिया। भाजपा के नेता 5 साल जनता से झूठ बोलते रहे। जुमलेबाजी करते रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौजवान नौकरी चाहता है, जनता महंगाई से निजात चाहती है। किसान अपनी फसलों की कीमत चाहता है। भाजपा के नेता इस पर बात नहीं करते हैं। जनता अपनी समस्याओं का हल चाहती है और भाजपा आतंकवाद की बात करती है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार दोगुना हो गया है। आज डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस सरसों का तेल सभी के दाम दोगुने हो गए हैं। भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है कि आम जनता का बैंकों में रखा पैसा उद्योगपति सीधे लेकर विदेश भाग रहे हैं। एक उद्योगपति पिछले दिनों 28 बैंकों का 22 हजार करोड रुपए लेकर फरार हो गया। इससे पहले भी कई उद्योगपति बैंकों का पैसा लेकर फरार हो चुके हैं। फरार होने वाले सारे उद्योगपति एक ही जगह के हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के वादों की नकल करती है। माताओं- बहनों को समाजवादी पेंशन सपा सरकार दे रही थी। इस बार हमने अपने वचन पत्र में माताओं बहनों को हर महीने पंद्रह सौ समाजवादी पेंशन देने का वादा किया है। अब भाजपा भी विज्ञापन देखकर इसी तरह का वादा कर रही है। अगर देना था तो बीजेपी सरकार ने 5 साल तक पेंशन क्यों नहीं दिया। इससे पहले पिछली सरकार के दौरान सपा सरकार ने छात्रों को लैपटॉप दिया था। भाजपा ने भी पिछली बार लैपटॉप देने का वादा कर लिया। लेकिन वादा पूरा नहीं किया। भाजपा के नेता सफेद झूठ बोलते हैं। जितना बड़ा नेता उतना बड़ा झूठ बोलता है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर नौजवानों को नौकरियों में उम्र की छूट देकर 11 लाख सरकारी पदों पर भर्ती करेंगे। जो गर्मी निकालने की बात कर रहे हैं, वह सुन लें, हम नौजवानों से वादा कर रहे हैं कि सरकारी नौकरियों में भर्ती निकालेंगे। भाजपा के लोग विधानसभा चुनाव के शुरुआत में डोर टू डोर प्रचार कर रहे थे। लेकिन माताओं बहनों ने जब से भाजपा नेताओं को लाल सिलेंडर दिखाना शुरू कर दिया, तब से भाजपा के लोग दूर-दूर प्रचार कर रहे हैं।

LIVE TV