बजट के दिन शेयर मार्केट में बहार, सेंसेक्स में 24 साल में सबसे बड़ी उछाल पर

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार यानी आज दोपहर आम बजट पेश किया। संसद में मोदी कार्यकाल का 9वां बजट पेश किया गया। बजट के दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2314.84 अंकों यानी 5% की बढ़त के साथ 48,600.61 पर बंद हुआ।

निफ्टी भी 693 अंकों यानी 5.09% की बढ़त के साथ 14,328.00 पर बंद हुआ। बजट के दिन बाजार में इतनी बड़ी तेजी आखिरी बार 1997 में देखने को मिली थी, जब सेंसेक्स 6% ऊपर बंद हुआ था।

BSE पर 3,129 शेयरों में कारोबार हुआ। 1,947 शेयरों में तेजी और 981 में गिरावट रही। यानी एक्सचेंज पर 62% शेयरों में बढ़त रही। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 192.62 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो शुक्रवार को 186.13 लाख करोड़ रुपए था। बाजार की रिकॉर्ड तेजी में बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे। निफ्टी बैंक इंडेक्स 8.81% की बढ़त के साथ 33,257 पर बंद हुआ। यह इंडेक्स का ऑलटाइम हाई लेवल भी है। इससे पहले बाजार लगातार 6 सत्रों से गिरावट के साथ बंद हो रहा था।

LIVE TV