अब नीतीश को बनाया अर्जुन, शरद को कृष्ण
वाराणसी। यूपी के पोस्टर वॉर में अब बिहार के सीएम नीतीश कुमार का नाम भी आ गया है। वाराणसी में नीतीश कुमार का नया पोस्टर जारी हुआ है। इसमें नीतीश कुमार को अर्जुन बताया गया है।
पोस्टर में जनता दल युनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव कृष्ण के रूप में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर में यूपी में भ्रष्टाचार और गुण्डागर्दी के खिलाफ शंखनाद किया जा रहा है।
नीतीश कुमार ने केन्द्र की मोदी सरकार पर हमला किया है। पोस्टर में मोदी सरकार को साम्प्रदायिक बताते हुए उनका खात्मा करने का आह्वान भी किया गया है।
यूपी की राजनीति में नीतीश कुमार अब नए तेवर के साथ आ रहे हैं। वह बिहार के बाद यूपी में जदयू की जगह बनाने में लग गए हैं। इसी के मद्देनजर गुरुवार को नीतीश वाराणसी भी पहुंचेंगे।
मोदी के संसदीय क्षेत्र में नीतीश का यह पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है। इससे पहले कांग्रेस और खुद बीजेपी पोस्टर वॉर में एक-दूसरे पर हमले कर रही है।
पोस्टर वॉर में कोई भी पार्टी नहीं है पीछे
बीते दिनों गोरखपुर में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पोस्टर सामने आया था। इसमें राहुल गांधी को सिंघम के तौर पर दिखाया गया था। पोस्टर में राहुल बसपा, सपा और भाजपा का अंत करते दिख रहे हैं।
इसके जवाब में यूपी भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ का पोस्टर सामने आया था। इसमें योगी कई राजनेताओं को ‘गधा’ बताते हुए यूपी फतह की बात कर रहे थे।
वैसे नीतीश से पहले यूपी भाजपा अध्यक्ष केशव मौर्य को पोस्टर वॉर में कृष्ण बनाया गया था। उनके पोस्टर में यूपी को द्रौपदी बताया गया था। इसका चीरहरण किया जा रहा था। कृष्ण के अवतार में दिख रहे केशव अपने सुदर्शन चक्र से यूपी की तस्वीर बदलने का दावा कर रहे थे।