मेरठ : कार लूटकर भाग रहे बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा

कार लूटमेरठ। देर रात दिल्ली के पंजाबीबाग इलाके से कार लूट कर भाग रहे बदमाशों को वायरलेस पर सूचना फ्लैश होने के बाद दौराला पुलिस ने दादरी चेकपोस्ट के निकट दबोच लिया। दबोचे गए बदमाश कई घटनाओं में शामिल बताए जा रहे हैं।

कार लूट में सर्जिकल ब्लेड से हमला

खबर के मुताबिक़ देर रात पांच बदमाशों ने दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में सदरपुर दिल्ली निवासी अनिल वर्मा पर सर्जिकल ब्लेड से हमला बोल दिया। हमले के बाद बदमाशों ने स्विफ्ट कार संख्या डीएल 1-एएम 7668 लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मेरठ की ओर फरार हो गए। पीड़ितों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। गाजियाबाद पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल कार लूट की सूचना फ्लैश करते हुए आसपास के सभी जनपदों की पुलिस को एलर्ट कर दिया।

दौराला पुलिस ने दादरी चेकपोस्ट पर घेराबंदी करते हुए कार में सवार पांच बदमाशों को दबोच लिया। दबोचे गए बदमाशों में से तीन अस्पताल में वार्ड ब्वाय हैं। इसी दौरान जानकारी मिलने पर मुरादनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वारदात को अपने थाना क्षेत्र की बताते हुए दौराला पुलिस से दबोचे गए सभी पांचो बदमाशों को अपने साथ ले गई।

इस मामले की जानकारी करने पर इंस्पेक्टर दौराला ने पकड़े गए बदमाशों की पुष्टि करते हुए उनके नाम मनीष पुत्र महीराम, राजवीर पुत्र श्रीकृष्ण, राज दुष्यंत पुत्र कप्तान सिंह, देवेन्द्र पुत्र डिप्टी सिंह और रोहित पुत्र आनंद निवासी अमर विहार दिल्ली बताए हैं।

 

प्रस्तुति : अक्षय कुमार