उरी हमले का जिम्मेदार भारत, यूएन में पाकिस्तान देगा सुबूत

उरी हमलेनई दिल्ली| एक तरफ उरी में सेना की यूनिट पर हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने के ठोस सबूत मिले हैं| दूसरी ओर, पाकिस्तान ने भारत को ही उरी हमले का जिम्मेदार बताते हुए यूएन में सुबूत देने की बात कही है|

पाकिस्तानी मीडिया ने इन हमलों के लिए भारत को ही जिम्मेदार बताया है| प्रमुख पाकिस्तानी अखबारों का यह भी कहना है कि पीएम नवाज शरीफ यूएन महासभा में कश्मीर मुद्दा उठाने की तैयारी में हैं| साथ ही भारत के खिलाफ सुबूत भी पेश किये जायेंगे| ऐसे में भारत की ओर से ऐसे आरोप कश्मीर मुद्दे पर दुनियाभर का ध्यान भंग करने के लिए लगाए जा रहे हैं|

अखबारों में इस बात के लिए चेतावनी भी दी गयी है कि अगर समय रहते भारत नहीं सुधरा तो उसे इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे| पाक मीडिया में भारत पर और अधिक ऐसे हमले होने की आशंका भी व्यक्त की गयी है|

‘द न्यूज इंटरनैशनल’ का कहना है कि भारत द्वारा बताया गया हमले का वक़्त ही संदेहास्पद है| अपने इंटेलिजेंस की असफलता को ढकने और अंतरराष्ट्रीय समुदाय में पाक की छवि को खराब करने के लिए भारत ऐसे प्रयास कर रहा है|’

‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार ने लिखा है कि भारत ने आडंबर और वाकपटुता के साथ अद्भुत कहानियां गढ़ने की आदत जारी रखी है| इस बार यूएन में नवाज शरीफ के भाषण से ध्यान हटाने के लिए ऐसा किया जा रहा है|

‘डॉन’ ने लिखा कि भारत क्षेत्र अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है| भारत द्वारा पाकिस्तान पर अटैक का आरोप लगाने से भारत-पाकिस्तान के रिश्ते अब और कठिन हो गये हैं|

बहरहाल, अब देखने वाली बात ये है कि इस मुद्दे को लेकर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ आखिर किस तरह का रुख अख्तियार करते हैं|

LIVE TV