नाबालिक से रेप के आरोपी विधायक राजवल्‍लभ को झटका, नहीं मिलेगी जमानत

राजवल्‍लभपटना। बिहार में नवादा के आरजेडी विधायक राज वल्लभ यादव की जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। वल्लभ पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोप के बाद विधायक फरार हैं और पुलिस छापेमारी की कार्रवाई कर रही है।

पटना के डीआइजी शालीन ने नवादा के आरजेडी विधायक राजबल्लभ प्रसाद के खिलाफ एक नाबालिग लड़की के दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तारी का आदेश दिया और उनके पैतृक गांव पथरा इंगलिश में छापेमारी भी की है।

विधायक फरार

हालांकि विधायक पहले से ही फरार हो चुके थे। नालंदा जिले के रहुई थाने के सुल्तानपुर की 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने नालंदा महिला थाने में रेप की शिकायत दर्ज कराई थी।

नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया था कि 6 फरवरी को बिहारशरीफ के धनेश्वर घाट मुहल्ले की सुलेखा देवी उसे बर्ड-डे पार्टी में ले जाने के बहाने गिरियक ले गई। सुलेखा ने नाबालिग को विधायक के हवाले कर दिया जिसने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

दो अन्‍य आरोपी शामिल

इस मामले में महिला के अलावा दो अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। डीआइजी की पहल पर लड़की के साथ घटनास्थल का मुआयना किया गया। उसके बाद गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है।

बताया जाता है कि नाबालिग अपनी बड़ी बहन और भाई के साथ बिहारशरीफ में रहकर पढ़ाई करती थी। तभी पड़ोस की सुलेखा के जरिए इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

LIVE TV