मोदी नहीं जानते कि मैं किस मिट्टी की बनी हूं

लोकतंत्र बचाओ मार्चनई दिल्ली। राजधानी दिल्‍ली में आज कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र बचाओ मार्च निकाल रही है। मार्च के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया, हालांकि बाद में उन्‍हें रिहा भी कर दिया गया। कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी के साथ पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने अपनी गिरफ्तारी दी। इससे पहले जंतर मंतर से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मनमोहन सिंह के साथ कई बड़े कांग्रेसी नेताओं के साथ मार्च शुरू किया था।

लोकतंत्र बचाओ मार्च

केंद्र सरकार से लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र बचाओ मार्च कर रही है। इस मार्च को संबोधित करते हुए सोनिया, राहुल और मनमोहन ने बीजेपी पर तीखे हमले किए। सोनिया ने कहा कि भाजपा सत्ता की भूखी है और उसका एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करना है, जिसके लिए वह गैर-भाजपा शासित राज्यों की सरकारों को हर कीमत पर अस्थिर करने में जुटी है।

अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे में भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा के आरोपों का सामना कर रही सोनिया ने अब बीजेपी पर सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां लोकतंत्र बचाओ मार्च को संबोधित करते हुए कहा कि सत्ता के लिए भाजपा की भूख बढ़ती जा रही है, जिसे मिटाने के लिए वे राज्यों की लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित सरकारों को गिराने में लगे हैं।

उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा कांग्रेस के खिलाफ बढ़ते हमले को ‘राष्ट्र विरोधी’ करार देते हुए कहा कि हमारे लिए राष्ट्र विरोधी तत्वों से लड़ना कोई नई बात नहीं है। सोनिया ने कहा कि जिंदगी ने मुझे संघर्ष करना सिखाया है, हमने कई चुनौतियों का सामना किया है। केंद्र सरकार ये नहीं जानती कि हम किस मिट्टी के बने हैं।

वहीं इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी आरएसएस पर हमला करते हुए कहा था कि देश केवल दो ही व्यक्ति चला रहे हैं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत। जो भी उनके खिलाफ कुछ बोलता है, उसपर झूठे आरोप लगा दिए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की आलोचना करने वालों के खिलाफ केंद्र सरकार तमाम तरह के झूठे आरोप लगा देती है।

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को अस्थिर करने में सभी कानूनों को ताक पर रख दिया।

इससे पहले पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने भी मोदी सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने मोदी सरकार को चेताया और कहा कि कांग्रेस को मिटाने वाले जान जाएं, कांग्रेस देश की आत्म में है।

वहीं मार्च के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कुछ शायराना अंदाज में नजर आए। मनमोहन ने इकबाल का एक शेर पढ़ा..

यूनान, मिस्र, रोमां, सब मिट गए जहाँ से। अब तक मगर है बाकी नामो निशां हमारा।।

कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी। सदियों रहा है दुश्मन दौर-ए-ज़माँ हमारा।।

LIVE TV