
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच एक डॉक्टर के अनोखे ऑफर ने सियासत गर्म कर दी है। इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. पीके हाजरा ने अपने क्लिनिक में पोस्टर लगाकर घोषणा की कि जो मरीज ‘जय श्री राम’ बोलेगा, उसे परामर्श शुल्क में 500 रुपये की छूट मिलेगी।
डॉक्टर का कहना है कि यह उनका निजी फैसला है। उन्होंने बताया कि बंगाल के मरीज इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं, इससे उन्हें दुख होता है। इसलिए उन्होंने यह तरीका अपनाकर राज्य में बदलाव का संदेश देना चाहा। डॉ. हाजरा ने यह भी कहा कि उन्हें पिंगला सीट से भाजपा टिकट की उम्मीद थी, लेकिन नहीं मिला। वे किसी पार्टी से सीधे नहीं जुड़े हैं, लेकिन भाजपा शासित राज्यों के विकास से प्रभावित हैं।
टीएमसी ने इस कदम को भाजपा की राजनीतिक चाल बताया है। तृणमूल नेता निर्मल माजी ने कहा कि डॉक्टर अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, जनता टीएमसी के साथ है।
वहीं भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने डॉक्टर के फैसले का समर्थन किया और इसे सकारात्मक पहल बताया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। इस विवाद ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है।



