
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को एसआईआर अभियान का विरोध करने को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहती है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक घुसपैठिए को मतदाता सूची से हटा दिया जाए। हैदराबाद में पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए, भाजपा के वरिष्ठ नेता ने इस बात पर जोर दिया कि चुनावों में केवल भारत के नागरिकों को ही वोट देने की अनुमति होगी। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) राहुल गांधी पर दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रविवार की रैली को लेकर निशाना साधा और इसे ‘घुसपैठियों को बचाओ’ कार्यक्रम बताया।
अमित शाह ने कहा कांग्रेस पार्टी फर्जी मतदान के जरिए चुनाव जीतना चाहती है, अगर किसी व्यक्ति के दो वोट हैं, तो क्या उनमें से एक को रद्द किया जाना चाहिए या नहीं? उन्होंने कहा अब हम ‘राहुल बाबा’ की परेशानी की जड़ पर आते हैं। तीन करोड़ वोट ऐसे हैं कि जिन लोगों के ये वोट हैं उनका कोई अस्तित्व ही नहीं है। ये बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी इसमें भाग नहीं लेंगे, क्योंकि वे सदन का संचालन नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस भारत में अराजकता जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है।
उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को भी निशाना बनाया और कहा कि एसआईआर के प्रति उनका विरोध सफल नहीं होगा। शाह ने कहा कि रेड्डी ने तेलंगाना को कांग्रेस के लिए एटीएम मशीन बना दिया है, साथ ही उन्होंने अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर राज्य में भ्रष्टाचार रोकने में विफल रहने के लिए कटाक्ष किया, राहुल गाँधी ने छह गारंटी दी थीं एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई। अमित शाह ने आगे कहा, “हम एक बार फिर कहते हैं कि 31 दिसंबर 2029 से पहले हम इस देश से नशा खत्म कर देंगे और भारत को नशामुक्त बनाएंगे।




