लीजिए, आ गया ब्वायफ्रेंड को गोरा बनाने का पाउडर
चीन में बने एक विज्ञापन पर इन दिनों दुनियाभर में बवाल शुरू हो गया है। विज्ञापन में एक लड़की अपने काले ब्वायफ्रेंड को मशीन में धोकर गोरा बना देती है।
दुनिया भर में रंगभेद के खिलाफ काम कर रहे संगठनों ने इस विज्ञापन का विरोध शुरू कर दिया है।
यह विज्ञापन एक लॉन्ड्री डिटर्जेंट का है। इसमें बताया गया है कि डिटर्जेंट किसी भी तरह की गंदगी को साफ कर सकता है। लेकिन विज्ञापन को जिस तरह से पेश किया गया है, उससे दुनिया भर में विरोध के सुर सुनाई दे रहे हैं।
इस विज्ञापन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसे रंगभेद का सबसे बड़ा उदाहरण बनाकर पेश किया जा रहा है।
कायोबी डिटर्जेंट ब्राण्ड के इस विज्ञापन की शुरुआत एक गोरी लड़की से शुरू होती है। वह वाशिंग मशीन में कपड़े धोती दिखती है। इस बीच उसके सामने एक काला लड़का आ जाता है। लड़के के कपड़े और शरीर पर पेंट लगा होता है।
ब्वायफ्रेंड की सफाई
गोरी लड़की को यह काला लड़का पसंद आ जाता है। लेकिन उसके शरीर पर लगे पेंट के दाग खराब लगते हैं। लड़की उस लड़के को बुलाती है। लड़का करीब आता है और उसे किस करने की कोशिश करता है। तभी लड़की उसे वाशिंग मशीन में डाल देती है। मशीन के पानी में कायोबी डिटर्जेंट पहले से मिला होता है। कुछ देर बाद जब मशीन खुलती है तो काले लड़के की जगह एक गोरा लड़का मशीन से निकलता है।
इस बारे में शंघाई लिस्ट की रिपोर्ट बताती है कि कायोबी डिटर्जेंट एक इतालवी ब्राण्ड है। पहले भी इसके विज्ञापन आते रहे हैं। इटली का यह ब्राण्ड एक दशक से चीन के बाजार में है।