
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र के जमुनिहा पुरवा गांव में बुधवार की रात एक नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी को डंडों से पीट कर कथित तौर पर हत्या करने के बाद उसके शव को जला दिया। शव जलाने के क्रम में वह खुद भी झुलस गया।
थानाध्यक्ष बदौसा मनोज पाठक ने गुरुवार को बताया, “बुधवार की रात जमुनिहा पुरवा गांव में शराब के नशे में लाल सिंह ने अपनी पत्नी प्रीति (30) को पहले कैंची मार कर घायल कर दिया, इसके बाद डंडों से पीट कर उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी और आरोपों से बचने के लिए उसका शव जला दिया।”
उन्होंने बताया कि शव जलाने में वह खुद भी झुलस गया है, जिसे उपचार के लिए जिले की सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतका के पिता जंगबहादुर सिंह ने बताया, “बेटी की शादी 2002 में लाल सिंह के साथ की थी। मारपीट के दौरान नाती अजय (11) मौके पर मौजूद था, जिसने पड़ोसी के घर भाग कर अपनी जान बचाई, उसी ने पूरा रहस्य बताया है। दामाद नशे का आदी था, नशे की हालत में अक्सर मारपीट करता था।”
पुलिस का कहना है कि घटना की तहरीर मिल गई है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अध्ययन के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।