डिएगो माराडोना और पेले ने एक साथ जमाया रंग
पेरिस: फुटबॉल जगत के दो पूर्व दिग्गज खिलाड़ी डिएगो माराडोना और पेले ने यहां एक मैत्री मैच में हिस्सा लिया। यह मैच यूरो कप 2016 से पहले शांति और एकता का संदेश देने के लिए आयोजित कराया गया।
गुरुवार को पहली बार डिएगो माराडोना और पेले एक खेल में साथ नजर आए। दोनों ने पेरिस के पैलेस रॉयल में पांच सदस्यीय टीम का नेतृत्व भी किया।
डिएगो माराडोना और पेले का जलवा
पेले की टीम में रियो गाविन फर्डिनांड, फर्नाडो हिएरो, नेल्सन डिडा, क्रेस्पो और बेबटो शामिल रहे। वहीं, माराडोना की टीम में डेविड सर्गियो ट्रेजेगुएट, गिनो पेरुजी, सिरो फेरारा, मार्को मातेराजी और क्लारांसे क्लाडे शामिल थे। इस मैच का आयोजन यूरो की अधिकारिक प्रायोजक घड़ी कंपनी हुबलोट ने कराया।
इस मौके पर माराडोना ने कहा, “यह निकटता का एक महान पल है। पेले को यहां आज अपने इतने करीब पाना और उन्हें इतना खुश देखना बहुत अच्छा है। बहुत बढ़िया बात है कि हम एकजुट हो सकते हैं। बहुत ही कमाल का अहसास है।”
पेले ने कहा, “मेरे लिए यह बहुत बड़ा पल और बेहद खुशी का मौका है क्योंकि हम सब यहां एक साथ शांति की बात करने आए हैं। हमें यह मौका देने के लिए हुबलोट का शुक्रिया, क्योंकि इस समय विश्वभर में बहुत समस्याएं हैं।”
इस मैच में 15-15 मिनट के दो हाफ थे। माराडोना की टीम 8-7 से आगे थी, लेकिन उन्होंने अंतिम समय में खुद अपने गोलपोस्ट में गेंद डाल स्कोर 8-8 कर मैच ड्रॉ कर दिया और कहा कि यह दोस्ती के लिए था।