
उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में गुलदार के हमले लगातार खतरनाक साबित हो रहे हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इसी क्रम में अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे से एक और दुखद घटना सामने आई है। यहां मवेशियों के लिए घास लेने गई एक युवती पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया।
घटना गुरुवार देर शाम अल्मोड़ा के स्याल्दे बबलिया गांव के मयाल तोक में हुई। 22 वर्षीय सुनीता कत्यूरा (पुत्री हर सिंह कत्यूरा) घर से दूर घास लेने गई थीं। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला बोल दिया। डरने के बजाय सुनीता ने अदम्य साहस दिखाया और दराती के सहारे गुलदार पर प्रहार कर अपनी जान बचाई। हालांकि गुलदार ने उन्हें गहरे जख्म पहुंचाए।
सुनीता की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। हल्ला मचने पर गुलदार उन्हें घायल करके जंगल की ओर भाग गया। गंभीर हालत में सुनीता को सीएचसी देघाट में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास ट्रैप कैमरे और पिंजरा लगाने की बात कही है। वन कर्मी गांव में गश्त तेज कर दी गई है। घटना के बाद से गांव में भय का माहौल बना हुआ है।




