सोकर भी कम कर सकते हैं आपना वजन, जानिए कितनी नींद है जरुरी

लोगों में वजन बढ़ना आजकल आम समस्या बनती जा रही है। बढ़े वजन को घटाने के लिये लोग जिम जाना शुरू करते हैं तो कुछ खाना खाना भी कम करने लगते हैं। लेकिन यह समस्या इतनी जल्दी खत्म भी नहीं हो जाती है। इसके अलावा भी कई जरूरी बातें हैं जो वजन कम करने की दिशा में जरूरी होते हैं। लेकिन क्या कभी आपने यह सुना है कि सोने से भी वजन कम होता है? जी हां, ये बात जानकर भले ही आप हैरान हों लेकिन ये सच्चाई है कि सोकर भी आप वजन कम कर सकते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि वजन कम करने के लिए अच्छी नींद लेना बहुत जरूरी है। रिसर्च के दौरान शोधकर्ताओं को अपनी रिसर्च में मिला कि जो महिलाएं 5 घंटे या उससे कम सोती हैं, उनका वजन उन महिलाओं की अपेक्षा अधिक होता है जो हर रात 7 घंटे या उससे ज्यादा सोती हैं। शोध में ये बात भी सामने आई कि जो महिलाएं हर रात 6 घंटे सोती हैं उनमें वजन बढ़ने की आशंका 12 प्रतिशत ज्यादा होती है और उनके मोटापे का शिकार होने की संभावना 6 फीसदी तक बढ़ जाती है।

सोने से वजन पर क्या असर होता है, इस विषय पर यह अब तक की सबसे बड़ी स्टडी के नतीजे हैं। इस स्टडी में अधेड़ उम्र की लगभग 70 हजार महिलाओं को शामिल किया गया था। अगर आप हर रात कम से कम 7 घंटे की नींद पूरी करते हैं तो आपका वजन नियंत्रित रह सकता है। नींद पूरी होने के साथ ही आप अपने हेल्थ को मेन्टेन कर सकते हैं।

1986 में शुरू हुई थी स्टडी
यह स्टडी आज से 36 साल पहले 1986 में शुरू हुई और इसके बाद अगले 16 सालों तक उन्होंने हर 2 साल में अपने वजन की जानकारी शोधकर्ताओं को दी। इस रिसर्च की शुरुआत में देखने को मिला कि जो महिलाएं 5 घंटे या उससे कम सोती थीं, उनका वजन 7 घंटे सोने वाली महिलाओं की तुलना में 5.4 पाउंड (2.44 किलो) अधिक था। अगले 10 वर्षों में पांच घंटे या इससे कम सोने वाली महिलाओं का वजन 1.6 पाउंड (725 ग्राम) और बढ़ गया. इसके बाद के अगले 10 वर्षों में उनका वजन 16 पाउंड (7.25 किलो) और 20 वर्षों में 32 पाउंड (14.51 किलो) और बढ़ गया। इसमें कुछ ऐसी महिलाएं थीं जिनका वजन इस स्टडी के दौरान और भी ज्यादा बढ़ गया था। वजन बढ़ने से आपके दिल पर दबाव पड़ता है, यह तो आप जानते ही हैं। यहां तक कि वजन में कुछ ग्राम की बढ़ोतरी से भी आपको दिल की बीमारियों का खतरा, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर का खतरा भी बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है।

कम खाने पर भी बढ़ गया वजन
सोने का वजन पर कितना प्रभाव पड़ता है, इस स्टडी में यह बात बहुत अच्छी तरह से निकलकर आई. यहां तक कि शोधकर्ताओं ने पाया कि जो महिलाएं कम सोती हैं, उन्होंने खाना कम कर दिया, इसके बावजूद उनका वजन बढ़ गया. यहां तक कि उन्होंने एक्सरसाइज भी की और अपनी दिनचर्या में भी कोई ज्यादा बदलाव नहीं किया था.

जानकारों का कहना है कि कम नींद के कारण व्यक्ति का बेसल मेटाबोलिक रेट (सोते समय जलने वाली कैलोरी) प्रभावित होता है. एक्सरसाइज की कमी भी इसका एक कारण होता है. माना जाता है कि अगर आप कम सोते हैं तो आपकी शारीरिक गतिविधियां भी कम होती हैं, जिसके कारण जरूरी कैलोरी बर्न नहीं होती हैं. कम सोने से कोर्टिसोल स्तर (स्ट्रेस हार्मोन) पर भी असर पड़ता है. कम नींद लेने से अतिरिक्त कोर्टीसोल रिलीज होता है, जिसके कारण भूख लगती है। अगर आपकी नींद सिर्फ एक हफ्ते के लिए भी प्रभावित होती है तो इससे ग्लूकोज को प्रोसेस करने की आपके शरीर की क्षमता बुरी तरह से प्रभावित होती है. इसके साथ ही इंसुलिन का स्तर भी बढ़ जाता है. सिर्फ एक हफ्ते तक नींद पूरी न होने से लोगों का इंसुलिन स्तर इतना बढ़ सकता है कि जांच करने पर वह प्री-डायबिटिक आ सकते हैं। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो आपको अपने जीवनशैली में सुधार करना होगा। आप रात में कम से कम 7 घंटे की नींद पूरी करें। इसके साथ ही पौष्टिक और संतुलित आहार करें। नियमित तौर पर एक्सरसाइज करके आप वजन कम व खुद को स्वस्थ रख सकते हैं।

LIVE TV