6 दिसंबर को रूस के राष्ट्रपति का भारत दौरा, PM मोदी से करेंगे मुलाकात
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 6 दिसंबर 2021 को भारत का दौरा करेंगे। अपने भारत दौरे पर वह भारत-रुस के 21वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसकी जानकारी गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने दी है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 6 दिसंबर के दिन ही भारत और रूस के विदेश-रक्षा मंत्रियों के बीच दिल्ली में पहली बार 2+2 वार्ता का आयोजन भी किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु शामिल होंगे। रूस के दोनों बड़े नेता 5 दिसंबर को ही भारत पहुंच जाएंगे। वहीं, दोपहर के वक्त 21वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत किया जाएगा।
वहीं खबर ये भी है कि रूस के राष्ट्रपति के भारत दौरे पर कई समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। यह दौरा तब हो रहा है जब एयर डिफेंस सिस्टम S-400 की पहली खेप इस साल के अंत तक भारत पहुंचेगी। 2021 में व्लादिमिर पुतिन की यह दूसरी विदेश यात्रा होगी।