Uttarakhand Election 2022 Dates: 14 फरवरी को होगी वोटिंग, जानें चुनाव से जुड़ी पूरी अपडेट
चुनावा आयोग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर 14 फरवारी को मतदान होगा। जबकि, 10 मार्च को वोटों की काउंटिग की जाएगी। इसमें नोटिफ़िकेशन जारी करने की तारीख- 21 जनवरी 2022, नामांकन भरने की आखिरी तारीख- 28 जनवरी 2022,नामांकन पत्रों की जांच की आखिरी तारीख- 29 जनवरी 2022 और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख- 31 जनवरी 2022 होगी।

चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि उत्तराखंड में 99.6 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली खुराक लग चुकी है और 83 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की दूसरी खुराक दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्र ने कहा है कि इस बार 5 राज्यों की 690 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव होंगे। उन्होंने कहा कि कोविड सेफ इलेक्शन कराना चुनाव आयोग का उद्देश्य है। कोरोना काल में चुनाव कराना चुनौती पूर्ण है। चुनाव आयोग ने 3 लक्ष्यों पर काम किया है। ये लक्ष्य हैं Covid safe elections, आसान इलेक्शन, और मतदाताओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि सर्विस मतदाता को मिलाकर 18.34 करोड़ मतदाता इस चुनाव में हिस्सा लेंगे जिनमें से 8.55 करोड़ महिला मतदाता हैं। मतदान केंद्रों की संख्या 2,15,368 है, 2017 के विधानसभा चुनावों से मतदान केंद्रों की संख्या 16% बढ़ाई गई है।
इस बार 1250 मतदाताओं पर एक बूथ बनाया गया है। पिछले चुनाव की तुलना में 16 फीसदी बूथ बढ़ गए हैं। 1620 बूथ को महिला पोलिंगकर्मी मैनेज करेंगी। 900 आब्जर्बर चुनाव पर नजर रखेंगे। इसी के साथ ही चुनाव आयोग ने सरकारी कर्मचारियों के अलावा 80 साल से ज्यादा उम्र के नागरिकों, दिव्यांगों और कोविड प्रभावित लोगों के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था की है।
सभी बूथ पर पुरुष और महिला सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। वोटिंग बूथ पर दिव्यांगों के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। वॉलेंटियर भी रखे जाएंगे। व्हील चेयर भी हर बूथ पर होगी। कोविड प्रभावित या कोविड संदिग्ध के घर वीडीओ टीम के साथ आयोग की टीम विशेष वैन से जाएगी वोट डलवा कर आएगी। इन्हें बैलेट पेपर से वोट डालने का अधिकार मिलेगा। इसी के साथ ही इस बार मतदान के लिए समय को एक घंटा बढ़ा दिया गया है। ऐसा कोरोना की वजह से किया गया है। चुनाव के समय की घोषणा अधिसूचना जारी करने के वक्त की जाएगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि मोबइल एप के जरिए कैंडिडेट ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं। इस चुनाव में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा होगी। पोलिंग बूथ पर सेनेटाइजर, थर्मल स्कैनर का प्रयोग होगा। 15 जनवरी 2022 तक किसी भी रोड शो, पदयात्रा, साइकिल रैली, बाइक रैली और जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। चुनाव आयोग स्थिति की समीक्षा करेगा और बाद में नए निर्देश जारी किए जाएंगे।