
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में हुए राजनीतिक ड्रामे और हंगामे के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। रविवार को धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी और उनके पांच अन्य समर्थकों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। इन सभी पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति भंग करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत दर्ज किया गया है। एफआईआर में विधायक हरीश धामी के अलावा राम सिंह रोकाय, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू के नाम शामिल हैं।
पुलिस का आरोप है कि शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद, विधायक और उनके समर्थकों ने मंच पर जमकर नारेबाजी की, आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और सरकारी संपत्ति (माइक व कुर्सियां) के साथ तोड़फोड़ की। जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई।
सीएम धामी का पलटवार: ‘हताशा में है विपक्ष’
इस पूरी घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक जमीन खिसकने की बौखलाहट में अपना ‘मानसिक संतुलन’ खोने का आरोप लगाया। सीएम धामी ने कहा, “विपक्ष को एहसास हो गया है कि भविष्य में जनता उन्हें पूरी तरह नकारने वाली है।
इसी घबराहट और हताशा में वे ऐसा व्यवहार कर रहे हैं, जिसकी उम्मीद एक आम बच्चे से भी नहीं की जा सकती। लोकतंत्र में ऐसे अमर्यादित आचरण के लिए कोई जगह नहीं है। जनता सब देख रही है और उन्हें उनकी सही जगह जरूर दिखाएगी।”
‘डरपोक धामी’ कहकर विधायक ने दी चुनाव लड़ने की चुनौती
दूसरी ओर, विधायक हरीश धामी ने अपनी नाराजगी को जायज ठहराते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक का कहना है कि मेले की अध्यक्षता करने के बावजूद उन्हें जनता को संबोधित करने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, “जब मैंने बोलना शुरू किया, तो सरकार और मुख्यमंत्री के दबाव में मेरा माइक बंद कर दिया गया। क्या धारचूला के विधायक के रूप में मुझे अपनी बात रखने का कोई अधिकार नहीं है?”
विधायक ने मंच से अपने क्षेत्र की बदहाल सड़कों और रुके हुए विकास कार्यों का मुद्दा उठाने की बात कही। इसके साथ ही, उन्होंने सीएम की लोकप्रिय छवि ‘धाकड़ धामी’ पर तंज कसते हुए उन्हें ‘डरपोक धामी’ करार दिया। हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को सीधी चुनौती देते हुए कहा, “अगर उनमें हिम्मत है तो वे 2027 का विधानसभा चुनाव धारचूला से मेरे खिलाफ लड़कर दिखाएं। अगर मेरी पार्टी इजाजत देगी, तो सीएम जहां से चुनाव लड़ेंगे, मैं वहां जाकर उनके खिलाफ लड़ने को तैयार हूं।”




