UP के बहराइच में ग्रामीणों ने आरोपित को पीट-पीटकर मौत के उतारा घाट, छह नामजद व 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के बहराइच में शनिवार देर रात चोरी करने के लिए घर में घुसे युवक को परिवारजन ने ग्रामीणों की मदद से घेरकर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपित को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी ग्रामीण व सीओ महसी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। मृतक की मां की तहरीर पर छह नामजद व 25 से अधिक अज्ञात लोगो पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों के गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

ये है पूरा मामला 

मामला खैरीघाट थाना क्षेत्र के सिद्धनपुरवा नकही का है। एसओ पंकज सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के सिद्धनपुरवा नकही निवासी बुद्धिलाल के घर में चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया। आहट पाकर परिवारजन जाग गए। इसके बाद चोरो ने राजेंद्र व श्रवण पुत्रगण लाल जी के कच्चे मकान में सेंघ लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवारजन ने जागकर शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणो ने घेराबंदी कर चोरी करने आए पथारकला निवासी फिरोज को घेराबंदी कर पकड लिया। आक्रोशित ग्रामीणो ने उसकी जमकर पिटाई की इससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसओ पंकज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। जानकारी पाकर एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार, सीओ महसी शंकर प्रसाद के साथ घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणो से पूछताछ की। एएसपी ने बताया कि मृतक की मां अखतरुन निशा की तहरीर पर राजेंद्र, श्रवण व बुद्धिलाल समेत छह नामजद व 25 अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापामारी कर रही है।

LIVE TV