युवाओं में तेजी से बढ़ रही जोड़ों की समस्या, जानें क्या है इसके कारण और उपाय

जोड़ों में दर्द की समस्या अक्सर बुजुर्ग लोगों से जुड़ी होती है, लेकिन आजकल बदलते समय में यह समस्या युवाओं में भी देखी जा रही है। युवा आबादी में अब जोड़ों के दर्द के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस पर डॉक्टरों का कहना है कि खराब लाइफस्टाइल (जीवनशैली) के चलते अब 25 से 50 वर्ष के लोगों में जोड़ों से जुड़ी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।

जोड़ों का दर्द हाथ व पैर के अलावा शरीर के कई हिस्सों जैसे कूल्हों, घुटनों या रीढ़ आदि में देखा जाता है। इसके अलावा, जोड़ में अकड़न, दर्द महसूस हो सकता है या यहां तक कि धड़कते हुए सनसनी भी हो सकती है। कई ऐसे कारण हैं जिनकी वजह से दर्द और अधिक हो जाता है, जैसे कि पिछले जोड़ों की चोट, गठिया, डिप्रेशन, चिंता, तनाव, अधिक वजन और स्वास्थ्य खराब होना। जोड़ों के दर्द का सामान्य कारण ऑस्टियोआर्थराइटिस है, जो तब देखा जाता है जब कार्टिलेज (हड्डियों के बीच की सुरक्षात्मक कुशन) खराब हो जाती है। इससे जोड़ दर्दनाक और कठोर हो जाते हैं। रुमेटाइड आर्थराइटिस जोड़ों में सूजन और दर्द का कारण बनता है। इससे मुख्य रूप से उंगलियों और कलाई के जोड़ विकृत हो जाते हैं।

युवाओं में जोड़ों के दर्द के सामान्य कारण

युवाओं में बढ़ रहे जोड़ों में दर्द की समस्या पर डॉक्टरों का कहना है कि बड़ी संख्या में युवा मोटे हैं और कुछ को धूप से पर्याप्त विटामिन-डी नहीं मिलता है, जिससे उनके जोड़ों के दर्द का खतरा बढ़ जाता है। इसका सबसे बड़ा कारण विटामिन-D3 और विटामिन-B12 की कमी है। इसलिए हर दिन एक्सरसाइज करना अपने रूटीन में शामिल करें और इसके साथ ही पहले विटामिन D3 और विटामिन B12 का टेस्ट जरूर कराएं।

जोड़ों के दर्द से कैसे पाएं आराम

प्रतिदिन व्यायाम, संतुलित आहार, शरीर का वेट मेनटेन रखें और इसके साथ-साथ ठंडी या गर्म थेरेपी जोड़ों के दर्द को कम कर सकते हैं। जोड़ों के दर्द को मैनेज करने के लिए कम कैलोरी वाला खाना खाएं, जंक, प्रोसेस्ड और डिब्बाबंद भोजन से परहेज करें। अपनी डाइट में फल और सब्जियों का अधिक उपयोग करें। आप चाहें तो डॉक्टर की सलाह पर किसी सप्लीमेंट का उपयोग कर सकते हैं।

नोटः इस स्टोरी के टिप्स और सुझाव सामान्य जानकारी के साथ आपको जागरुक करने के लिए हैं। इन्हें किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर नहीं लें। समस्या होने पर आप डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।

LIVE TV