Buddha Purnima 2022: बेहद खास है इस बार की बुद्ध पूर्णिमा, इन चीजों का दान करने से मिलेगा लाभ

( माही )

buddha purnima 2022 16 may 2022: बुद्ध पूर्णिमा को वैशाख की पूर्णिमा भी कहा जाता हैं। क्योंकि धार्मिक मान्यता अनुसार भगवान बुद्ध का जन्म वैशाख माह की पूर्णिमा तिथि को हुआ था। हिन्दू मान्यता के अनुसार, सभी महीनों में वैशाख का महीना भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इस बार बुद्ध पूर्णिमा 16 मई 2022 यानी सोमवार को मनाई जा रही हैं। इस दिन  श्रद्धालु व्रत रखकर विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य करेंगे। इस अवसर पर कई जगहों पर कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।

बुद्ध पूर्णिमा शुभ मुहूर्त

 पं. शरद चन्द्र मिश्र ने बताया कि वाराणसी से प्रकाशित हृषीकेश पंचांग के अनुसार सोमवार को पूर्णिमा तिथि का सही समय 9:48 बजे तक रहेगा। इस समय तक आप पूजा और दान कर सकते हैं। यह समय पूजा और दान के लिए सर्वश्रेष्ठ माना गया हैं। ज्योतिष की दृष्टि से वैशाख के महीने का काफी विशेष महत्व हैं। क्योंकि सभी महीनों में वैशाख का महीना भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है और इस मास में सूर्य नारायण उच्च स्थिति में रहते हैं।  ऐसी मान्यता है कि इसी दिन लुंबिनी नामक स्थान पर गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र राप्ती नदीं में आस्था की डुबकी लगाते हैं। इस दिन चंद्रदेव की भी पूजा की जाती है और सत्यनारायण व्रत भी किया जाता है। इस दिन व्रत रहने से व्यक्ति के आत्मबल में वृद्धि होती है।

इस दिन जलदान करने से मिलेगा ये लाभ

ज्योतिषाचार्य डॉ. सुखदेव सिंह के अनुसार इस दिन जलदान का विशेष महत्व है। सड़क पर चलते राहगीरों को जल का दान करें। मंदिरों में जल से घड़ा भर के मंदिरों में दान करना चाहिए। भूखे को भोजन कराएं। ऐसा करने से आपको सुख और आनंद की प्राप्ति होगी। इस दिन दूध और खीर के दान करने से चंद्र दोष समाप्त हो जाते हैं।

आज का दिन इन कार्यों के लिए है सर्वोत्तम

ज्योतिर्विद पं. नरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वैशाख पूर्णिमा का दिन यज्ञ, गृह प्रवेश, विवाह, भवन निर्माण और अन्य शुभ कार्यों के लिए सर्वोत्तम दिन है। इस दिन भगवान विष्णु की आराधना करने से ग्रह दोष समाप्त हो जाते है। इस दिन आभूषण क्रय और देव प्रतिष्ठा जैसे कार्य भी किए जा सकते हैं। पितृदोष निवारण के लिए भी यह दिन उत्तम है।

LIVE TV