उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

सपा ने जारी किया ‘सत्ताइस का संकल्प’: 25 लाख सरकारी नौकरियां, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, कर्जमाफी और जातीय जनगणना समेत अखिलेश यादव के बड़े वादे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी एजेंडा औपचारिक रूप से जनता के सामने रख दिया है। संविधान दिवस के अवसर पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया, जिसे ‘सत्ताइस का संकल्प, PDA का प्रण पत्र’ और ‘जन-मन का मैनिफेस्टो 2027’ नाम दिया गया है।

इस घोषणापत्र में युवाओं को रोजगार, किसानों की कर्जमाफी, मुफ्त बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई नियंत्रण और सामाजिक न्याय से जुड़े कई बड़े व लोकलुभावन वादे किए गए हैं।

युवाओं और रोजगार को केंद्र में रखते हुए समाजवादी पार्टी ने पांच साल के भीतर 25 लाख सरकारी नौकरियां और दो से तीन करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया है। इसके अलावा, स्नातक (ग्रेजुएट) युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का प्रस्ताव रखा गया है।

पार्टी ने स्थायी कमीशन न पाने वाले अग्निवीरों को यूपी पुलिस में नौकरी देने तथा पेपर लीक की घटनाओं पर संबंधित अधिकारियों व मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने का भी संकल्प लिया है।

किसानों को साधने के लिए घोषणापत्र में कर्जमाफी और सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है। सपा ने 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। वहीं, गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।

बिजली और शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 12वीं पास छात्रों को फिर से लैपटॉप वितरण, शिक्षामित्रों के मानदेय में प्रति माह 5 हजार रुपये की बढ़ोतरी और बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने का ऐलान किया गया है।

पीडीए (PDA) और सामाजिक न्याय के एजेंडे को धार देते हुए सपा ने प्रदेश में जातीय जनगणना कराने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए वर्ग को 50 फीसदी आरक्षण देने, पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) बहाल करने और सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने का वादा किया गया है।

नई सरकारी भर्तियों में महिलाओं को 33 फीसदी हिस्सेदारी देने और जमीनों पर अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ विशेष एसटीएफ (STF) गठित करने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है।

आम जनता को स्वास्थ्य और महंगाई से राहत देने के लिए महज 5 रुपये में ‘समाजवादी थाली’ उपलब्ध कराने, गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने और प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की घोषणा की गई है।

महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए ‘दाम बांधो’ नीति लागू करने के साथ-साथ निजी स्कूलों की फीस और निजी अस्पतालों के खर्च की सीमा तय करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। 2027 के चुनाव से पहले सपा के इन बड़े वादों ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।

Related Articles

Back to top button