सोनिया गांधी फिर सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती, पुरानी खांसी और दिल्ली प्रदूषण के कारण रूटीन चेकअप

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक बार फिर दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें सोमवार शाम को भर्ती किया गया था। उनकी हालत स्थिर है और वे छाती रोग विशेषज्ञ (चेस्ट फिजिशियन) की निगरानी में हैं।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि यह एक रूटीन भर्ती है। सोनिया गांधी को लंबे समय से पुरानी खांसी की समस्या है और दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारण वे नियमित अंतराल पर चेकअप करवाती रहती हैं। सूत्रों ने पीटीआई को बताया, “यह कोई इमरजेंसी नहीं है। वे ठीक हैं और डॉक्टरों की देखरेख में हैं।”

79 वर्षीय सोनिया गांधी दिसंबर 2025 में अपना जन्मदिन मना चुकी हैं। इससे पहले भी वे कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती हो चुकी हैं, जिसमें पेट संबंधी दिक्कतें और श्वसन संक्रमण शामिल हैं।

LIVE TV