
देश के कई हिस्सों में लंबे समय बाद प्रचंड गर्मी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते के लिए गर्मी का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 से 19 अप्रैल तक उत्तर भारत और मध्य भारत में तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी पारा 3 से 5 डिग्री तक चढ़ेगा।
14 अप्रैल से कई इलाकों में लू चलने की संभावना है। सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और कर्नाटक में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में 14 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि असम और मेघालय में 17 से 19 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।



