
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल से जुड़े ‘लवली ग्रुप’ के विभिन्न ठिकानों पर बुधवार को बड़े पैमाने पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन के मामले में की गई है।
दिल्ली से पहुंची ED की टीमों ने जालंधर और फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), लवली ऑटोस, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर समेत कई जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम वित्तीय लेनदेन और विदेशी फंड्स से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
दिलचस्प बात यह है कि अशोक मित्तल को 2 अप्रैल को AAP ने राज्यसभा में राघव चड्ढा की जगह पार्टी का उपनेता नियुक्त किया था। नई जिम्मेदारी मिलने के ठीक 13 दिन बाद ED की यह बड़ी कार्रवाई हुई है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
फिलहाल छापेमारी जारी है और परिसरों के बाहर सुरक्षा बल तैनात हैं। AAP सांसद अशोक मित्तल या ED की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



