उत्तराखंड

उत्तराखंड के तीनों प्रमुख कॉरिडोर पर 8,279 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित: सीएम धामी ने की UIIDB की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की विभिन्न महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की, जिनमें हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर प्रमुख रूप से शामिल हैं।

बैठक में जानकारी दी गई कि इन तीनों कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं, जिनमें से लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वर्तमान में क्रियान्वयन के चरण में हैं। अनुमान है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से 21,000 से 27,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 45,000 से 53,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चल रहे कार्यों में तेजी लाने और नई परियोजनाओं को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि अगले एक महीने के भीतर कुछ परियोजनाओं की प्रगति धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए, जिसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

क्षेत्रीय संस्कृति और परंपरा के संरक्षण पर बल देते हुए सीएम धामी ने कहा कि विकास परियोजनाओं को प्रत्येक क्षेत्र की विशिष्ट पहचान, स्थानीय संस्कृति तथा धार्मिक और प्राकृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने इन परियोजनाओं में स्थानीय विशेषताओं को शामिल करने की आवश्यकता जताई, ताकि क्षेत्र की मौलिक पहचान सुरक्षित रहे और साथ ही पर्यटन व रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से लगभग 495 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन चरण में हैं। राज्य सरकार द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, प्रशासनिक मार्ग के विकास का 75 प्रतिशत, हर की पौड़ी के उत्तरी क्षेत्र के विकास कार्यों का 70 प्रतिशत, हर की पौड़ी व सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

वहीं, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से 274 करोड़ रुपये के कार्य निर्माणाधीन हैं। जानकी झूला के पास एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र (Integrated Command and Control Centre) का निर्माण कार्य 39 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जिसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अतिरिक्त, 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से ‘आस्था पथ’ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये की लागत से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

बैठक में यह भी बताया गया कि शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्रों में राफ्टिंग तथा पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से 340.49 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन चरण में हैं।

Related Articles

Back to top button