
बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, अपने बयान में उन्होंने इस फैसले के साथ अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) समाज की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई है। मायावती का कहना है कि अलग कोटे की व्यवस्था होने से सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित वर्ग की महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का उचित अवसर मिल सकेगा।
मायावती ने स्पष्ट किया कि बसपा शुरू से ही महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीतिक भागीदारी की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग लगातार करती रही है। केंद्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत करते हुए बसपा प्रमुख ने आग्रह किया कि सरकार को एससी और एसटी समाज की महिलाओं को अलग से आरक्षण देने के विषय पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए।
इसके साथ ही, मायावती ने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से संबंधित तीन विधेयकों और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर आशंकाएं भी जताई हैं। उन्होंने कहा कि सीटों की सीमा तय करने के दौरान गड़बड़ी कर राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप कोई नई बात नहीं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां कई बार देश और जनहित के बजाय पार्टी हित को अधिक महत्व देती हैं।
बसपा प्रमुख ने देश की जनता से अपील की कि वे धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर अच्छे लोगों को अपना प्रतिनिधि चुनें। उनके अनुसार, बिना किसी लुभावने वादों और घोषणाओं के बहकावे में आए सही प्रतिनिधियों का चुनाव करना ही लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा की असली गारंटी है।
गौरतलब है कि वर्तमान में बसपा के पास लोकसभा में कोई सांसद नहीं है और न ही किसी राज्य की विधानसभा में पार्टी का कोई विधायक है, इसके बावजूद मायावती ने परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर अपनी पार्टी का पक्ष प्रमुखता से रखा है।



