
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके 12 साल के कार्यकाल की सराहना की और कहा कि यह लगातार चुनावों में जनता द्वारा उनके नेतृत्व में दिखाए गए अटूट विश्वास का प्रतिबिंब है। अपने पत्र में राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह का अटूट विश्वास किसी नागरिक को दिए जा सकने वाले सर्वोच्च सम्मानों में से एक है। देश की जनता आपको भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने की उपलब्धि का जश्न मना रही है, आपने जनता की सेवा में समर्पित 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं।
राष्ट्रपति ने लिखा इस अवसर पर मैं आपको हार्दिक बधाई देती हूं, सार्वजनिक जीवन में कुछ ही जिम्मेदारियां ऐसी हैं जिनमें भारत के प्रधानमंत्री के पद जितनी समर्पण, दृढ़ता और लगन की आवश्यकता होती है। इसलिए यह उपलब्धि मात्र इस सार्वजनिक पद पर सबसे लंबे समय तक रहने का मामला नहीं है; यह भारत की जनता द्वारा लगातार चुनावों में आपके नेतृत्व पर जताए गए भरोसे की पुष्टि है। हमारे जैसे विशाल, विविधतापूर्ण और जीवंत राष्ट्र में, जनता का विश्वास किसी नागरिक को मिलने वाले सर्वोच्च सम्मानों में से एक है।




