उत्तराखंड

‘देवभूमि के कण-कण में राष्ट्रभक्ति’, हर घर तिरंगा यात्रा में बोले सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की ज्वाला को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में बसी है।

सीएम धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे पर कभी कोई आंच नहीं आने दी। हमारा संकल्प है कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक से देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। आज भारत दुनिया को कई क्षेत्रों में नई दिशा दिखा रहा है।

वीरभूमि का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल बढ़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने पूरी दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है। देश रक्षा क्षेत्र में निर्यातक बन रहा है। उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। राज्य की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। हर दूसरे परिवार का बेटा सीमा पर रक्षा के लिए तैनात रहता है। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विकास के आंकड़े

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को मजबूत कर रही है। 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य की अर्थव्यवस्था कई गुना बढ़ चुकी है। पिछले एक वर्ष में जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है।

प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। स्टार्टअप्स की संख्या 1750 से अधिक हो गई है। रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। सतत विकास के लक्ष्यों को पूरा करने में राज्य ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

कानून व्यवस्था और युवा रोजगार

सीएम ने कहा कि राज्य में कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून, कठोर दंगा रोधी कानून और देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता लागू की गई है। मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद किया गया है।

करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त किया गया है। भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई हुई है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद बिना किसी धांधली के पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। युवाओं को नौकरी देने वाला बनाने के मकसद से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button