
नासिक टीसीएस शाखा में यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण के आरोपों के बीच अब एक पुरुष कर्मचारी ने भी चौंकाने वाला बयान दिया है।
पीड़ित कर्मचारी ने इंडिया टुडे को बताया कि 2022 में कंपनी जॉइन करने के कुछ समय बाद टीम लीडर तौसिफ अख्तर और सहकर्मी दानिश शेख ने उसे निशाना बनाया। उन्होंने उसे जबरन नमाज पढ़ने, कलमा पढ़ने और स्कल कैप पहनने के लिए मजबूर किया।
पीड़ित, जो खुद को रामदास स्वामी का अनुयायी बताता है और नियमित रुद्राक्ष की माला पहनता है, ने आरोप लगाया कि उसके धार्मिक विश्वासों का बार-बार मजाक उड़ाया जाता था। हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणियां की जाती थीं।
ईद 2023 के मौके पर तौसिफ ने उसे अपने घर ले जाकर जबरन स्कल कैप पहनाई, नमाज पढ़वाई और फोटो खींचकर कंपनी के ऑफिशियल ग्रुप में शेयर कर दीं, जिससे उसे शर्मिंदगी हुई।
सबसे आपत्तिजनक बात- जब पीड़ित और उसकी पत्नी को संतान नहीं हो रही थी, तो आरोपियों ने कहा, “बच्चा चाहिए तो अपनी पत्नी हमें भेज दो।”
पीड़ित ने बताया कि विरोध करने पर तौसिफ ने उस पर टेबल फैन फेंका और जान से मारने की धमकी दी। जब उसके पिता को लकवा मार गया, तब भी आरोपियों ने कहा कि अगर वह इस्लाम अपनाएगा तो पिता ठीक हो जाएंगे।
उसने आरोप लगाया कि जब वह इन दबावों से इनकार करने लगा तो उसके खिलाफ फर्जी शिकायतें की गईं।
पुलिस ने पहले ही इस मामले में 9 एफआईआर दर्ज की हैं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।



