
मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के करनावल कस्बे में 82 वर्षीय विजयपाल की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मृतक के पोते सागर और उसके साथी निक्की को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों आरोपी हरिद्वार भाग गए थे। टेक्निकल सबूतों, मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस टीम की मदद से उन्हें लौटते समय सरूरपुर इलाके में पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने घटना की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पिस्टल, भाला, बाइक और कार बरामद की है।
हत्या का कारण
परिवार में 20 बीघा जमीन की वसीयत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विजयपाल अपनी जमीन दूसरे पोतों राहुल और भानु के नाम करना चाहते थे। इसी बात पर कहासुनी के बाद आरोपी सागर और निक्की ने बुजुर्ग की धारदार हथियार और गोली मारकर हत्या कर दी।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है। यह भी देखा जा रहा है कि साजिश में कोई और शामिल तो नहीं है। दोनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।



