
प्रयागराज के करछना (यमुना नगर) में बुधवार शाम को दर्दनाक ट्रेन दुर्घटना हो गई। पचदेवरा ओवरब्रिज के पास कालका एक्सप्रेस ट्रेन से एक व्यक्ति कटकर मारा गया। ट्रेन रुकने पर कुछ यात्री उत्साह में ट्रेन से बाहर निकल आए। ठीक उसी समय शाम 6:47 बजे पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई और उसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। कुल पांच लोगों की जान चली गई।
मृतकों में तीन की पहचान हो चुकी है। ये हैं- बिहार के सिवान जिले के बलिराम (36), मिर्जापुर के सुनील कुमार (24) और फिरोजाबाद के आकाश (17)। सभी फिरोजाबाद से कोलकाता जा रहे थे। बाकी दो शवों की पहचान की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई।
रेलवे ने कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन रुकने पर बिना वजह बाहर न निकलें और ट्रैक पर जाने से बचें।
जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर हैं।



