अशोक सिंह ने मुख्तार अंसारी पर बोला बड़ा हमला, कहा- ‘हार के डर से मैदान छोड़ा…’

यूपी विधानसभा चुनाव में मऊ सदर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अशोक ने पांच बार से लगातार विधायक रहे मुख्तार अंसारी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि खुद को बाहुबली मानने वाला मुख्तार इस बार के विधानसभा चुनाव में हार के डर से मैदान छोड़ चुका है।

अशोक सिंह ने कहा कि, “इस बार मुख्तार ने अपनी जगह पर बेटे को चुनाव मैदान में उतारा है। वह खुद चुनाव लड़े या बेटे बात एक ही है। मुख्तार अंसारी की गुंडागर्दी अभी तक सरकारों के संरक्षण में चल रही थी और जीत दर्ज होती थी। पहली बार आमजन ने पांच वर्ष के लिए योगी सरकार के सुशासन को देखा। जो प्रतिनिधि 17 साल से जेल में हो वह कैसे विकास करेगा, जनता सब कुछ जानती है। अब योगी आदित्यनाथ की सरकार में गुंडई नहीं चलेगी। अगर कहीं भी दबंगई होती है तो उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।”

अशोक सिंह ने किया यह सवाल

अशोक सिंह ने पूछा कि उनके भाई का दोष क्या था? मुख्तार अंसारी को ठेकेदारी में 10 फीसदी टैक्स देने से मना करने पर उनकी हत्या करवा दी गई। जनता के लूटे हुए पैसों से ही आज मुख्तार का बेटा लग्जरी कारों से चलता है। अशोक सिंह ने कहा कि वह मुख्तार के खिलाफ मजबूती से चुनाव लड़ें इसके बाद अब वह उनके बेटे के खिलाफ भी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे किसी का भी खौफ नहीं है एक दिन सभी को मरना है। लेकिन जनता जनप्रतिनिधि का चोला ओढ़े माफिया से तंग आ चुकी है।

LIVE TV