
भारत के बड़े हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रकोप बढ़ गया है, महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक है। सोमवार को लगातार बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन, इमारतें गिरने और व्यापक परिवहन व्यवस्था बाधित रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पुणे और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
मुंबई में कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज होने के बाद जनजीवन लगभग ठप्प हो गया है, कुछ इलाकों में तो मात्र 24 घंटों में लगभग 300 मिमी बारिश हुई है। भूस्खलन और मलबे के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे असुरक्षित हो गया है और इसे बंद कर दिया गया है। महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि पिछले तीन से चार दिनों में बारिश से संबंधित घटनाओं में 13 लोगों की जान चली गई है। जबकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।



