Mann Ki Baat : देश पूरी ताकत के साथ कोरोना संक्रमण से लड़ रहा-PM Modi

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 77वीं बार आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम के तहत जनता से संवाद किया। मन की बात में पीएम मोदी ने कहा, देश पूरी ताकत के साथ कोरोना संक्रमण से लड़ रहा है, पिछले 100 वर्षों में ये सबसे बड़ी महामारी है। इसी महामारी के बीच भारत ने अनेक प्राकृतिक आपदाओं का भी डटकर मुकाबला किया है। इस दौरान चक्रवात अम्फान, निसर्ग, अनेक राज्यों में बाढ़ आई, अनेक भूकंप आए, भूस्खलन हुए।

पीएम मोदी ने कहा, देश ने पिछले 10 दिन में दो बड़े चक्रवात ताऊते और यास का सामना किया। इन दोनों चक्रवातों ने कई राज्यों को प्रभावित किया है। देश और देश की जनता इनसे पूरी ताकत से लड़ी और कम से कम जनहानि सु​निश्चित की। हमारे देश पर इतना बड़ा संकट आया, इसका असर देश की हर व्यवस्था पर पड़ा। कृषि व्यवस्था ने खुद को इस हमले से काफी हद तक सुरक्षित रखा। सुरक्षित ही नहीं रखा, ब​ल्कि प्रगति भी की। इस महामारी में भी हमारे किसानों ने रिकॉर्ड उत्पादन किया है और देश ने रिकॉर्ड फसल की खरीद भी की।

पीएम मोदी ने कहा, कोरोना की शुरुआत में देश में केवल एक ही टेस्टिंग लैब थी लेकिन आज 2,500 से ज़्यादा लैब काम कर रही हैं। शुरू में कुछ सौ टेस्ट एक दिन में हो पाते थे, अब 20 लाख से ज़्यादा टेस्ट एक दिन में होने लगे हैं। अब तक देश में 33 करोड़ से ज़्यादा सैंपल की जांच की जा चुकी है। वहीं चुनौती के इस समय में ऑक्सीजन के परिवहन को आसान करने के लिए भारतीय रेल आगे आई। ऑक्सीजन एक्सप्रेस ने सड़क पर चलने वाले ऑक्सीजन टैंकर से कहीं ज़्यादा तेज़ी से, कहीं ज़्यादा मात्रा में ऑक्सीजन देश के कोने-कोने में पहुंचाया। आगे पीएम मोदी ने कहा, मैं उन सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने करीबियों को खोया है। हम सभी इस मुश्किल घड़ी में उन लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं जिन्होंने इस आपदा का नुकसान झेला है।

LIVE TV