
पश्चिम बंगाल में चुनावी तनाव बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि कोलकाता एयरपोर्ट जाते समय केंद्रीय बलों ने उनकी गाड़ी रोककर जांच करने की कोशिश की।
उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “अगर हिम्मत है तो रोज मेरी गाड़ी की जांच करो।”
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने चुनाव आयोग पर भी पक्षपात का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग ने टीएमसी नेताओं और उनके परिवार के वाहनों की विशेष जांच का आदेश दिया है, जबकि बीजेपी नेताओं पर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
TMC ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर शिकायत की है और चुनाव आयोग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि टीएमसी की चुनावी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ममता बनर्जी के इस बयान के बाद राज्य में सियासी घमासान और तेज हो गया है।


