
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12431) में भीषण आग लग गई। आग B-1 कोच और उससे जुड़े SLR कोच में लगी।
ट्रेन के गार्ड ने धुआं और लपटें देखते ही इंजन चालक को सूचित किया। ट्रेन को लूनी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच रोक दिया गया। रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ ने तुरंत यात्री निकासी शुरू की। सभी 68 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। किसी को कोई चोट नहीं आई।
ओवरहेड बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। कोटा रेल मंडल के अधिकारियों ने तुरंत राहत टीम भेजी। दिल्ली-मुंबई रूट पर करीब दो घंटे ट्रेन आवाजाही प्रभावित रही।
रेलवे ने आग की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। यह दो सप्ताह में राजधानी एक्सप्रेस में आग की दूसरी घटना है।



