देशबड़ी खबर

लवलीन बोरगोहाईं और BFI ने ग्लासगो के रेस्तरां को लगाई फटकार, भारत के गलत नक्शे में पूर्वोत्तर और J&K था गायब

ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल 2026 के दौरान भारतीय मुठ्ठबाजी दल के लिए जश्न का मौका उस समय विवाद में बदल गया, जब ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीन बोरगोहाईं ने एक स्थानीय रेस्तरां द्वारा भारत का अधूरा और गलत नक्शा प्रदर्शित करने पर तीखा ऐतराज जताया। यह घटना ग्लासगो के प्रसिद्ध रेस्तरां ‘मिस्टर सिंह इंडिया – द होम ऑफ करी’ में हुई, जहां अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतिनिधिमंडल अक्सर आते रहते हैं।

नैपकिन पर छपा था गलत नक्शा

मुकाबलों के बाद भारतीय दल के सदस्य जश्न मनाने इस रेस्तरां में पहुंचे थे, लेकिन डाइनिंग टेबल पर रखे पेपर नैपकिन पर छपे भारत के मानचित्र को देखकर खिलाड़ियों और अधिकारियों का गुस्सा फूट पड़ा। रेस्तरां द्वारा बांटे गए इस नक्शे में भारी भौगोलिक त्रुटियां थीं, जिसमें भारत का पूरा पूर्वोत्तर (नार्थ-ईस्ट) क्षेत्र पूरी तरह से गायब था। इस बात पर नाराजगी इसलिए भी गहरी थी क्योंकि खुद स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहाईं असम (पूर्वोत्तर राज्य) से ताल्लुक रखती हैं। इसके अलावा, मुक्केबाजी महासंघ (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने नक्शे में जम्मू-कश्मीर को भी गलत या अधूरा दिखाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई।

कड़ा विरोध और माफी की मांग

इस भयंकर गलती पर अपनी नाराजगी जताते हुए लवलीना बोरगोहाईं ने सार्वजनिक रूप से कहा, “नैपकिन पर छपे नक्शे से हमारा पूर्वोत्तर गायब है। भारत का हर हिस्सा महत्वपूर्ण है और उसका प्रतिनिधित्व होना चाहिए।” वहीं, BFI अध्यक्ष अजय सिंह ने भी ओलंपिक पदक विजेता के रुख का समर्थन करते हुए इस लापरवाही को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।

उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर किसी राष्ट्र की संप्रभुता और भौगोलिक अखंडता का इस तरह अनादर करना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने रेस्तरां प्रबंधन से तुरंत ऐसे सभी फॉल्टी नैपकिन को हटाने और अपनी गलती सुधारने की मांग की है। हालांकि, रेस्तरां प्रबंधन की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button