
देहरादून में छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संयुक्त रूप से इस महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
11 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस पर्व में देशभर से शिल्पकार, हस्तशिल्पी, लोक कलाकार, उद्यमी और पाक कला विशेषज्ञ अपनी पारंपरिक कला, शिल्प और स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं। महोत्सव में 150 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड की पारंपरिक कलाओं और उत्पादों को विशेष जगह दी गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। यह गौरव की बात है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तराखंड की अग्रणी भूमिका का प्रमाण बताया।



