भारी बारिश के चलते काठमांडू घाटी में भूस्खलन, छह की मौत

काठमांडू। बारिश के कारण गुरुवार को काठमांडू घाटी में बाढ़ और भूस्खलन में छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। ‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक परिवार के तीन सदस्यों की भूस्खलन में मलबे से दबने से मौत हो गई।

काठमांडू घाटी

अधिकारियों ने बताया कि भक्तपुर में चांगुनारायण नगर पालिका में स्थित उनके घर के पीछे भूस्खलन हुआ, जिसमें दबकर तीनों सदस्यों की मौत हो गई। भक्तपुर जिला काठमांडू घाटी में स्थित है। बुधवार रात से लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद नदी में उफान के कारण आई बाढ़ से यह जिला सबसे अधिक प्रभावित रहा।

यह भी पढ़ें:- शराब के नशे में सरेआम हत्या, इलाके में बना तनाव का माहौल

जिले की अधिकांश बस्तियां इससे प्रभावित हुईं, जबकि अरानिको राजमार्ग पर पानी भर गया। कई घरों में पानी घुस गया और स्थानीय निवासियों को उनके घरों से बाहर निकलने में काफी दिक्कतें हुईं। दुकानें और व्यवसाय बंद रहे।

नेपाल सेना के जवानों को निवासियों के बचाव कार्य में लगाया गया है और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य सौंपा गया है। लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से देश के कई हिस्सों में सड़कें और राजमार्गों क्षतिग्रस्त हुए हैं।

जल विज्ञान एवं मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक काठमांडू और देश के कई अन्य हिस्सों में बारिश होती रहेगी। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।

LIVE TV