इंसानों में सुअर की किडनी को लगाने में डॉक्टर हुए कामयाब, भविष्य के लिए मिली नई उम्मीद
वैज्ञानिक हमेशा मानव जीवन को स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए नए-नए रिसर्च करते रहते हैं। आपको बती दें मेडिकल साइंस के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी सफलता हासिल की है, जिसकी आज की लाइफस्टाइल में बेहद जरूरत थी। किडनी खराब होने और उसका कोई विकल्प न होने के कारण यह एक बड़ी समस्या बनी हुई थी। इस मामले में अमेरिका के डॉक्टरों ने बड़ी खोज की है जिसमें सुअर की किडनी को इंसान के शरीर में सफलतापूर्वक ट्रांसप्लांट किया जा सकता है।

कई तरह की जांचों के बाद यह साफ हो गया है कि सुअर की किडनी इंसान के शरीर में अच्छी तरह से काम कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार शरीर के इम्यून सिस्टम ने सुअर के अंग को तत्काल खारिज नहीं किया।

न्यूयॉर्क सिटी के एनवाईयू लैंगन हेल्थ सेंटर में ट्रांसप्लांट की पूरी प्रक्रिया में की गई। डॉक्टरों के अनुसार ट्रांसप्लांट से पहले सुअर के जीन को बदला गया था, ताकि इंसान का शरीर उसके अंग को तुरंत खारिज न करे।

ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसी इंसान के शरीर में जानवर की किडनी का सफलतापूर्वक ट्रांसप्लांट किया गया हो। इससे पहले जब भी ऐसे प्रत्यारोपण की कोशिश की गई है, वह असफल ही रहे है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। इससे किडनी की खराबी से पीड़ितों की जिंदगी में एक उम्मीद जगी है।

बताया जा रहा है कि एक ब्रेन डेड मरीज की किडनी काम करना बंद कर चुकी थी। जिसके बाद उसे सुअर की किडनी लगाई गई। हालांकि इस काम को करने से पहले डॉक्टरों ने मरीज के परिजनों से इसकी अनुमति मांगी थी। उसके बाद ही यह प्रयोग शुरू किया गया, और यह सफल रहा।

इतनी बड़ी सफलता के बाद भी अभी बहुत कुछ खोजा जाना बाकी है। डॉक्टर और शोधकर्ता चिकित्सा विज्ञानी यह पता करने की कोशिश में लगे हैं कि लंबी अवधि में इसके क्या परिणाम हो सकते हैं। न्यूयार्क के जॉन्स हॉपकिन्स स्कूल ऑफ मेडिसिन में ट्रांसप्लांट सर्जरी के प्रोफेसर डॉ. डोर्री सेगेव ने कहा, “हमें अंग की लंबी उम्र के बारे में और जानने की जरूरत है।” फिर भी, उन्होंने कहा, “यह एक बड़ी सफलता है। बड़ी बात है।”
यह भी पढ़े-भुट्टा बनाएगा आपका हार्ट हेल्दी, गुर्दे की कमजोरी भी करेगा दूर