
देश सेवा के जज्बे के साथ भारतीय सेना में भर्ती होने के इच्छुक युवा तैयार हो जाएं। जल्द जालंधर कैंट में बड़ी भर्ती रैली का आयोजन होने जा रहा है। शुक्रवार को भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), जालंधर छावनी ने बताया कि 4 से 31 जनवरी तक जालंधर कैंट में सेना में भर्ती रैली करवाई जा रही है। यह रैली जालंधर कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल (प्राईमरी विंग) के ग्राउंड में होगी।
इस सेना भर्ती रैली में जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, एसबीएस नगर (मोहाली) और तरनतारन जिलों के उम्मीदवारों का चुनाव किया जाएगा। उन्हें सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ रैली ग्राउंड में पहुंचना होगा।
पिछले दिनों फौज में भर्ती करवाने के नाम पर भोले-भाले युवाओं को ठगने के कई मामले सामने आने के बाद अब सेना ने भी युवाओं को इससे बचने के लिए सतर्क किया है। सेना ने भर्ती रैली में हिस्सा लेने के इच्छुक युवाओं से कहा है कि वह भर्ती प्रक्रिया में क्लीयरेंस का दावा करने वाले किसी मध्यस्थ या दलाल (टाउट) के बहकावे में ना आएं। सेना में भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के होती है। इसलिए, सेना में भर्ती करवाने का दावा करने वाले ठगों से युवा बचें।