उत्तर प्रदेशमुरादाबाद

मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा: गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई रोडवेज बस, मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत; कई यात्री घायल

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांठ रोड पर छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास मुरादाबाद डिपो की एक रोडवेज बस गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोडवेज बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद डिपो की यह रोडवेज बस शनिवार सुबह यात्रियों को लेकर बिजनौर जा रही थी। जैसे ही बस कांठ रोड पर लदावली गांव के समीप पहुंची, सामने जा रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले कुल छह लोगों में से चार की पहचान कर ली गई है। मृतकों में छजलैट क्षेत्र के सदुपुरा निवासी अर्चना और उनके बेटे सुशांत शामिल हैं। इसके अलावा, बिजनौर जिले के नूरपुर निवासी लोकेंद्र और दीपिका चौहान ने भी इस दुर्घटना में दम तोड़ दिया। शेष दो मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है, जिसके लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। सभी मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। एएसपी अभिनव द्विवेदी ने मोर्चरी पहुंचकर मृतकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। पुलिस प्रशासन की ओर से अज्ञात मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ ही जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराई जा रही है।

Related Articles

Back to top button