
रविवार दोपहर को राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों – नोएडा और गुरुग्राम में भारी बारिश हुई, जिससे उमस भरे मौसम से राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली और एनसीआर के कुछ हिस्सों में आने वाले सप्ताह में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राजधानी दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में झमाझम बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
हालाँकि, इस तेज बारिश के कारण कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव और भारी यातायात के कारण लोगों को सड़कों पर जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया है। ओखला औद्योगिक क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों में तेज बारिश के बीच सड़कें पानी से लबालब नजर आईं. जलभराव के कारण आने-जाने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।



