उत्तराखंड

उत्तराखंड: देहरादून, चमोली समेत उत्तराखंड के चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, बागेश्वर ,चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। देहरादून में सुबह से ही धूप और बादलों के बीच आंख मिचौली चलती रही। धूप निकलते ही जहां गर्मी का एहसास हो रहा था, वहीं बादल छाने ओर उमस ने लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे गर्मी से भी राहत मिली। वहीं देर शाम तक अलग-अलग क्षेत्र में बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया।

23 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 24 और 25 जुलाई को भी देहरादून सहित कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क और राजमार्ग बाधित होने, नदियों-नालों के उफान तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

केदारनाथ मार्ग भूस्खलन के चलते बाधित

वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश से अलग-अलग इलाकों में मलबा, बोल्डर और भूस्खलन होने से आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। केदारनाथ मार्ग भी भूस्खलन के कारण बार-बार बाधित हो रहा है। लेकिन स्थानीय प्रशासन तत्परता से मार्ग को खोलने का काम कर रहा है ताकि यात्रा बाधित न हो। वहीं मसूरी-देहरादून मार्ग पर खतरा बढ़ रहा है। सुबह मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाला बैंड के पास पहाड़ी से मलबा और पेड़ गिरने से यातायात 2 घंटे तक बाधित रहा। इसी स्थान पर सड़क का एक हिस्सा पहले से ही क्षतिग्रस्त है, जिसकी वजह से छोटे वाहनों को एक लेन से सड़क पार कराई जा रही है। लेकिन बारिश के चलते यहां खतरा बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button