
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को पूरे राज्य में राज्य परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के मुताबिक रक्षाबंधन पर इन दोनों दिनों में महिलाएं यूटीसी बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके जाती हैं और परिवारजनों से मिलने यात्रा करती हैं। राज्य सरकार की इस पहल से उन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक और मुफ्त सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा, जिससे यात्रा आसान होने के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
अतिरिक्त सचिव रीना जोशी द्वारा जारी सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को मुफ्त यात्रा उपलब्ध कराने से परिवहन निगम पर पड़ने वाले खर्च की भरपाई राज्य सरकार करेगी। परिवहन विभाग ने निगम को आदेश के अनुसार तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
महिला पुरस्कारों की राशि बढ़ाई
सीएम धामी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि वीरांगना तीलू रौतेला पुरस्कार की राशि 51,000 रुपये से बढ़ाकर 75,000 रुपये और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार की राशि 51,000 रुपये से बढ़ाकर 61,000 रुपये कर दी गई है। यह निर्णय राज्य की महिला शक्ति के समर्पण, संघर्ष और उत्कृष्ट योगदान को सम्मान देने तथा उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




