फ्रांस बना FIFA का सिकंदर: क्रोएशिया को हराकर ख़त्म किया 20 साल का सूखा

मास्को। फ्रांस ने रविवार को यहां के लुज्निकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में क्रोएशिया को 4-2 से मात देकर फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया। फ्रांस दूसरी बार विश्व कप जीतने में सफल रहा है। इससे पहले उसने 1998 में अपने घर में पहला विश्व कप जीता था। वहीं अपने पहले विश्व कप के फाइनल में क्रोएशिया को हार मिली।

फ्रांस बना FIFA का सिकंदर

मैच का पहला गोल आत्मघाती गोल रहा। क्रोएशिया के मारियो मांजुकिक अपने ही गोलपोस्ट में गेंद मार बैठे। इस गोल से फ्रांस ने 1-0 की बढ़त ले ली। यह गोल 18वें मिनट में हुआ। इवान पेरीसिच ने 28वें मिनट में गोल कर क्रोएशिया को 1-1 की बराबरी पर ला दिया था। हालांकि 38वें मिनट में फ्रांस को पेनाल्टी मिली जिसे उसके स्टार खिलाड़ी एंटोनी ग्रीजमैन ने गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। पहला हाफ फ्रांस के पक्ष में 2-1 से समाप्त हुआ।

दूसरे हाफ में पॉल पोग्बा ने 59वें मिनट में बॉक्स के बाहर से गेंद को नेट में डाल फ्रांस को 3-1 की बढ़त दिला दी। छह मिनट बाद कीलियन एमबाप्पे ने फ्रांस को 4-1 से आगे कर दिया।

क्रोएशिया के मांजुकिक ने फ्रांस के गोलकीपर ह्यूगो लोरिस की गलती का फायदा उठाकर अपनी टीम के लिए दूसरा गोल किया। इसके बाद गोल नहीं हो सका और फ्रांस की टीम दूसरी बार विश्व विजेता बनने में सफल रही।

LIVE TV