
फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग (यूएनएचआरसी) से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हुई अशांति की जांच के लिए अपनी टीम भेजने का आग्रह किया, जिसमें कम से कम 20 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, “राज्य की स्थिति कठिन है, और जम्मू-कश्मीर का जो हिस्सा पाकिस्तानियों के कब्जे में है, वहां आज दमन हो रहा है। कई लोग शहीद हो चुके हैं। उन्होंने कहा पूरी जानकारी अभी भी इस मामले में किसी को उपलब्ध नहीं है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से स्थिति की प्रत्यक्ष रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए अपनी टीम भेजने का आग्रह किया।
फारूक अब्दुल्ला ने आगे कहा, “इस स्थिति की जांच होनी चाहिए और वहां के लोगों को जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उनका समाधान होना चाहिए। जम्मू-कश्मीर संयुक्त अवामी कार्रवाई समिति (जेएएसी) पर अधिकारियों द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद, पीओके के कई हिस्सों में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई में 20 से अधिक लोग मारे गए । क्षेत्र में आर्थिक और राजनीतिक शिकायतों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों और नागरिक समाज संगठनों से मिलकर बने इस संगठन पर पिछले सप्ताह आतंकवाद विरोधी अधिनियम 2014 के तहत प्रतिबंध लगा दिया गया था।



