जानिए, केंद्रीय बजट से जुड़ी वो बातें जो आप अब तक बिल्कुल नहीं जानते होंगे

नई दिल्ली: 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले यह बजट बीजेपी सरकार का पांचवां और अंतिम बजट होगा। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज यानी एक फरवरी को वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए बजट पेश किया। बजट पेश करने से पहले,  इकोनॉमिक सर्वे (आर्थिक सर्वेक्षण) सोमवार को संसद के दोनों सदनों में जेटली की तरफ से पेश किया गया था।

बजट

इस साल संसद के बजट सत्र का पहला चरण 29 जनवरी से शुरू हो चुका है। यह सत्र 9 फरवरी तक जारी रहेगा।

2019 के लोकसभा चुनाव से पहले यह बजट बीजेपी सरकार का पांचवां और अंतिम बजट होगा। बजट पेश करने से पहले,  इकोनॉमिक सर्वे (आर्थिक सर्वेक्षण) सोमवार को संसद के दोनों सदनों में जेटली की तरफ से पेश किया गया।

इकोनॉमिक सर्वे में बताया गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था काफी बेहतर तरीके से प्रगति कर रही है। सर्वे में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में देश का विकास दर 7-7।5 प्रतिशत तक का विस्तार कर सकती है। इस लिहाज से भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती हुई प्रमुख अर्थव्यवस्था बन जाएगी।

जानिए केंद्रीय बजट की सबसे खास बातें…

आज़ादी के बाद स्वतंत्र भारत का पहला केंद्रीय बजट 26 नवंबर 1947 को भूतपूर्व वित्त मंत्री आरके शानमुखम चेट्टी की तरफ से पेश किया गया था।

भूतपूर्व प्रधानमंत्री और भूतपूर्व वित्त मंत्री मोरारजी देसाई के नाम संसद में सबसे ज्यादा बजट पेश करने का रिकार्ड है। उन्होंने 10 बार केंद्रीय बजट संसद में पेश किया। दूसरे नंबर पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम का नाम आता है जो नौ बार संसद में बजट पेश कर चुके हैं। पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी अपने वित्त मंत्री बनने के दौरान आठ बार संसद में बजट पेश कर चुके हैं।

साल 1964 और 1968 में 29 फरवरी को मोरारजी देसाई ने अपने जन्मदिन पर केंद्रीय बजट पेश किया था, वे ऐसा करने वाले एकमात्र वित्त मंत्री हैं।

1969 में वित्त मंत्री मोरारजी देसाई के इस्तीफे के बाद, भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वित्त मंत्रालय का पदभार संभाला। अब तक इंदिरा  एकमात्र महिला हैं जिन्होंने वित्त मंत्रालय का पदभार संभाला है।

बजट पेश करने से करीब 10-12 दिन पहले एक परंपरागत ‘हलवा सेरेमनी’ का आयोजन किया जाता है। जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए मीठे पकवान के रूप में हलवा तैयार किया जाता है। इस हलवा को खुद वित्त मंत्री की तरफ से बनाया जाता है।

हलवा सेरेमनी का पारंपरिक महत्व यह है कि किसी भी महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत से पहले मीठा खाया जाना चाहिए। मीठे पकवान को खाने के बाद ये अधिकारी देश-दुनिया से पूरी तरह कट कर नॉर्थ ब्लॉक में रहते हैं और बजट का दस्तावेज तैयार करते हैं।

इन कर्मचारियों से ना कोई मिल सकता और ना ही इन कर्मचारियों को किसी से बात करने की इजाजत होती है। बजट का काम पूरी गोपनीयता में किया जाता है।

1997-98 में संवैधानिक संकट गहराने के बाद केंद्रीय बजट को बिना किसी बहस के पारित किया गया था। उस दौरान वित्त मंत्री आईके गुजराल ने अपने मंत्रालय से इस्तीफा दे दिया था। वित्तीय वर्ष 1997-98 के केंद्रीय बजट को पारित करने के लिए संसद की विशेष सत्र बुलाई गई थी।

वित्त मंत्री पी चिदंबरम की तरफ से पेश किए गए वित्तीय वर्ष 1997-98 के केंद्रीय बजट को ‘ड्रीम बजट’ कहा गया था, क्योंकि उस वक्त कई ऐसे आर्थिक सुधार किए गए थे जिनमें – आयकर दरों में कमी, कॉर्पोरेट टैक्सों पर सरचार्ज हटाने और कॉरपोरेट टैक्स दरों में कमी करना शामिल था।

साल 1999 तक फरवरी के आखिरी वर्किंग डे के दिन शाम 5 बजे केंद्रीय बजट की घोषणा की जाती थी। एनडीए सरकार के पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने साल 1999 में सुबह 11 बजे बजट पेश किया। इसके बाद यह परंपरा बन गई और बजट फरवरी के आखिरी वर्किंग डे के दिन सुबह 11 बजे पेश किया जाने लगा। हालांकि, साल 1991 में बजट सुबह 11 पेश किया जा चुका है।

2016 तक केंद्रीय बजट फरवरी के अंतिम वर्किंग डे पर संसद में पेश किया जाता रहा। मगर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने साल 2017 में परंपरा बदल दी और केंद्रीय बजट 1 फरवरी पेश किया।

इसी तरह 2016 तक केंद्रीय बजट से कुछ दिन पहले रेल बजट पेश किया जाता था। साल 2017 में रेल बजट को केंद्रीय बजट के साथ ही पेश किया गया। ऐसा होने से पिछली 92 साल की पुरानी परंपरा को बदल गई और रेल बजट और आम बजट एक साथ पेश होने लगा।

LIVE TV